नई दिल्ली, जेएनएन। Delhi Election 2020 : मॉडल टाउन विधानसभा से भाजपा के वरिष्ठ नेता व दो बार निगम पार्षद रहने के साथ निगम के महत्वपूर्ण पदों पर रहे राज खुराना आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। मंगलवार को मॉडल टाउन से AAP विधायक व प्रत्याशी अखिलेश पति त्रिपाठी की मौजूदगी में पार्टी मुख्यालय में पार्टी के नेता संजय सिंह ने खुराना को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
गौरतलब है कि मॉडल टाउन विधानसभा सीट से भाजपा ने कपिल मिश्रा को मैदान में उतारा है। ऐसे में राज खुराना का भाजपा से AAP में शामिल होना किसी झटके से कम नहीं है।
इससे पहले राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के कई नेता सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए थे। आप से राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने इन लोगों को पार्टी की टोपी एवं पटका पहनाकर सभी का पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया। पार्टी में शामिल होने वाले लोगों में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष देवराज भड़ाना व वाल्मीकि समाज के बड़े नेता रामनाथ मुख्य रूप से शामिल हैं। रामनाथ ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी एससी व एसटी टास्क फोर्स के चेयरमैन रह चुके हैं।
इसके अलावा गोल मार्केट क्षेत्र से महानगर पार्षद (1983-90) रहे। 1989 में 22 लाख रुपये की लागत से निजी तौर पर यमुना सफाई का काम करवाया। इसके अलावा शामिल होने वालों में करावल नगर विधानसभा क्षेत्र से बीएसपी के वर्तमान प्रत्याशी नाथूराम कश्यप भी शामिल हैं।
आप में शामिल होने के बाद भड़ाना ने कहा कि दिल्ली में दशकों तक कांग्रेस की सरकार रही। भाजपा की सरकार को भी दिल्ली की जनता ने मौका दिया। परंतु न तो कांग्रेस ने और न ही भाजपा ने दिल्ली में रहने वाले मजदूरों के बेहतर भविष्य के बारे में कभी सोचा। पहली बार एक ऐसी सरकार आई है, जिसने दिल्ली में न्यूनतम मजदूरों के कल्याण के लिए काम किया।